लोकल डेस्क, एन के सिंह।
DM के निर्देश पर बॉर्डर इलाकों में भारी छापेमारी; रक्सौल और सिकरहना SDM ने संभाली कमान, तस्करी की यूरिया भी जब्त
पूर्वी चम्पारण: जिले में किसानों के हक पर डाका डालने वाले उर्वरक तस्करों और कालाबाजारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के सख्त निर्देश पर जिले के सीमावर्ती प्रखंडों में खाद की दुकानों और गोदामों पर एक साथ औचक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई से पूरे जिले के उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। रक्सौल और सिकरहना (ढाका) के अनुमंडल अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने खुद मोर्चे पर रहकर जांच अभियान चलाया, जिसमें स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिलने पर कई दुकानों को सील कर दिया गया है।
स्टॉक में हेराफेरी: पॉस मशीन और गोदाम के भौतिक स्टॉक में पाया गया बड़ा अंतर।
दुकानें सील: आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, स्टॉक रजिस्टर और बिल दिखाने में विफल रहे दुकानदार।
तस्करी पर लगाम: SSB और पुलिस ने छापेमारी कर मोटर साइकिलों पर लदी भारी मात्रा में यूरिया की खेप जब्त की। दुकानदारों के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू।
घोड़ासहन और आदापुर में छापेमारी: स्टॉक गायब, गोदाम सील
जिलाधिकारी के आदेश पर रक्सौल और सिकरहना के अनुमंडल पदाधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। जांच के दौरान आदापुर के मेसर्स विजय खाद बीज भंडार (यमुनापुर) और विजय खाद भंडार (श्यामपुर चौक) के गोदामों को खंगाला गया। यहाँ पॉस मशीन में दर्ज आंकड़ों और गोदाम में मौजूद खाद की मात्रा में भारी अंतर पाया गया। प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल गोदामों को सील कर दिया और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तस्करों के मंसूबे नाकाम: नहर रोड से यूरिया जब्त
एक तरफ दुकानों की जांच चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ पुलिस और सुरक्षा बल तस्करी रोकने में जुटे थे। महुआवा में SSB ने तस्करी की नीयत से ले जाई जा रही 55 बैग यूरिया जब्त की। वहीं, सिकरहना SDM विजय कुमार और SDPO उदय शंकर की टीम ने बनकटवा नहर रोड पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से हो रही तस्करी को पकड़ा। यहाँ 8 बोरा यूरिया के साथ बाइक जब्त की गई, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। जीतना पुलिस ने भी दो बाइक पर लदे 8 बैग यूरिया को अपने कब्जे में लिया है।
ढाका और चम्पापुर में सघन जांच: बिक्री पर लगी रोक
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ढाका ने कुंडवा चैनपुर और ढाका क्षेत्र के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों की जांच की, जिनमें चौधरी खाद भंडार, रमेश चौधरी खाद बीज भंडार, महालक्ष्मी खाद बीज भंडार, दुर्गा खाद भंडार, साहु इंटरप्राइजेज और खरुआ चैनपुर पैक्स शामिल हैं।
चम्पापुर में हुई जांच की रिपोर्ट चौंकाने वाली है:
यादव खाद भंडार: यहाँ 250 बोरा यूरिया मिला, लेकिन प्रोपराइटर न तो स्टॉक पंजी दिखा पाए और न ही पॉस मशीन। इसे तत्काल सील कर दिया गया।
ओम सांई कृषि सेवा केंद्र: स्टॉक रजिस्टर और मौके पर उपलब्ध खाद (326 बोरा यूरिया, 50 बोरा DAP) में बड़ा अंतर मिला। यहाँ भी बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई है। यहाँ भी दुकानदार बिल और पंजी प्रस्तुत करने में विफल रहे, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच पूरी होने तक बिक्री प्रतिबंधित कर दी है।
प्रशासन की चेतावनी: नहीं बख्शे जाएंगे कालाबाजारी करने वाले
अनुमंडल पदाधिकारी सिकरहना ने स्पष्ट किया है कि किसानों को खाद की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन मुस्तैद है। जो भी दुकानदार खाद की जमाखोरी करेगा या स्टॉक में हेराफेरी कर तस्करी को बढ़ावा देगा, उसके विरुद्ध जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी छापेमारी के दौरान थानाध्यक्ष जितना और थानाध्यक्ष घोड़ासहन सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।







