लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा। प्रखंड क्षेत्र के पिनर्थु खुर्द पंचायत के पसिवर गांव में पोखरा में डूबने से हुई दो युवकों की मौत के मामले में मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। मृतकों की पहचान पसिवर गांव निवासी बीरू कुमार, पिता अमित कुमार तथा हर्षित कुमार, पिता मुन्ना महतो के रूप में हुई है।
दरौंदा अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण के जांच प्रतिवेदन के आधार पर आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा स्वीकृत किया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
मुआवजा मिलने से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता मिली है। अधिकारियों ने बताया कि आपदा में मृत्यु होने पर नियमानुसार पात्र आश्रितों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।







