नेपाल डेस्क , मुस्कान सिंह।
रक्सौल। पोलियो मुक्त विश्व के संकल्प को साकार करने तथा बच्चों के नियमित टीकाकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को नेपाल के बीरगंज स्थित घंटाघर से भारतीय सीमावर्ती शहर रक्सौल तक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। 24 अक्टूबर से प्रारंभ हुए विश्व पोलियो उन्मूलन सप्ताह के समापन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज एवं रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में पोलियो मुक्त समाज और स्वस्थ भविष्य का संदेश दिया गया।
रैली का नेतृत्व रोटरी डिस्ट्रिक्ट रीजन-6 के पोलियो प्लस कमेटी चेयर रोटेरियन अभिषेक चौधरी, रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज के अध्यक्ष रोटेरियन राकेश मिश्रा एवं रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के अध्यक्ष रोटेरियन राजकिशोर कलवार ने किया। इस अवसर पर रोटरी के पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन सोहन पोद्दार, पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. आनंद कुमार झा सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन, रोट्रैक्टर्स, इंटरैक्टर्स, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।
मोटरसाइकिलों, स्कूटी एवं चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ निकली यह रैली बीरगंज के घंटाघर से प्रारंभ होकर भारत–नेपाल मैत्री पुल होते हुए रक्सौल के राजदंडी पहुंची। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने पोलियो उन्मूलन, बच्चों के नियमित टीकाकरण तथा प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।
रैली के रक्सौल पहुंचने पर भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल की ओर से भारत–नेपाल मैत्री पुल के समीप रोटेरियनों एवं विशिष्ट अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी की अध्यक्षता तथा सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों देशों के सामाजिक संगठनों के बीच आपसी सहयोग, सद्भाव एवं मैत्री की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज एवं रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के पदाधिकारियों तथा इनर व्हील की अध्यक्षा को भारत विकास परिषद का लैपल पिन भेंटकर सम्मानित किया। वहीं, रोटरी पदाधिकारियों ने भी उन्हें टोकन ऑफ लव एवं पोलियो जागरूकता पिन भेंटकर सम्मान प्रकट किया।
इस अवसर पर रोटरी डिस्ट्रिक्ट रीजन-6 के पोलियो प्लस कमेटी चेयर अभिषेक चौधरी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन रोटरी इंटरनेशनल के सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक सेवा अभियानों में से एक है। रोटरी ने अपने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर दशकों से पोलियो के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ी है। आज विश्व के अधिकांश हिस्सों को पोलियो मुक्त बनाने में रोटरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त विश्व का लक्ष्य तभी पूरी तरह हासिल हो सकता है, जब
अंतिम बच्चे तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित हो और समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाए। भारत और नेपाल के बीच इस तरह की संयुक्त जागरूकता पहल सीमाओं से परे मानवीय सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन केवल किसी एक देश अथवा संस्था का अभियान नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य से जुड़ा साझा संकल्प है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पारिवारिक संबंध हैं। ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में दोनों देशों के सामाजिक संगठनों की सहभागिता इन मैत्री संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाती है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद 'नर सेवा नारायण सेवा' के भाव के साथ सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में सदैव रचनात्मक और जनहितकारी गतिविधियों में सहभागी रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अनुमंडलीय अस्पताल रक्सौल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन एवं डॉ. विजय कुमार ने भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल तथा बीरगंज के दोनों रोटरी क्लबों की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर दोनों देशों के सामाजिक संगठनों का एक साथ आना और जागरूकता रैली के माध्यम से रक्सौल तक संदेश पहुंचाना सराहनीय प्रयास है।
वहीं, हरैया थानाध्यक्ष किशन पासवान ने रैली के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भारत विकास परिषद एवं बीरगंज के रोटरी क्लबों के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में सकारात्मक पहल बताया।
परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता, समय पर टीकाकरण और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सीमावर्ती क्षेत्र में भारत और नेपाल के सामाजिक संगठनों का यह साझा प्रयास स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ आपसी सहयोग और मानवीय संवेदना का भी मजबूत संदेश देता है।
वहीं, रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज एवं रोटरी क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रोपोलिस के पदाधिकारियों ने भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल की ओर से किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त विश्व का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझेगा।
कार्यक्रम का संचालन परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। इस अवसर पर अजय कुमार, नीतेश कुमार सिंह, सीताराम गोयल, सुभाष अग्रवाल, विजय कुमार साह, विनोद कुमार, दिनेश प्रसाद, सुरेश धानोठिया, अरविंद जायसवाल एवं शरद सर्राफ समेत भारत विकास परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।
Tags:
- Polio Awareness Rally
- Birgunj to Raxaul
- Polio Eradication
- World Polio Day
- Rotary Club Birgunj
- Rotary Club Birgunj Metropolis
- India Nepal Friendship
- Raxaul News
- Bihar News
- Child Immunization
- Polio Free World
- Bharat Vikas ParishadPolio Awareness Rally
- Birgunj to Raxaul
- Polio Eradication
- World Polio Day
- Rotary Club Birgunj
- Rotary Club Birgunj Metropolis
- India Nepal Friendship
- Raxaul News
- Bihar News
- Child Immunization
- Polio Free World
- Bharat Vikas Parishad







