बंगाल मतगणना से पहले सुरक्षा हाई अलर्ट पर, अतिरिक्त 165 पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात
स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली, चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की 4 मई को होने वाली मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए 165 अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षक और 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
आयोग ने बताया कि अतिरिक्त गणना पर्यवेक्षक उन 165 विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए हैं, जहां एक से अधिक मतगणना कक्ष हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। वहीं, पुलिस पर्यवेक्षक मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे, हालांकि उन्हें मतगणना कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी पर्यवेक्षक उसके नियंत्रण में कार्य करेंगे और उनकी नियुक्ति संविधान तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत की गई है।
मतगणना केंद्रों में प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र के जरिए ही होगा, जिसे संबंधित निर्वाची अधिकारी जारी करेंगे। वहीं, मतगणना कक्ष के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति केवल गणना पर्यवेक्षक और निर्वाची अधिकारी को ही होगी।
इसके अलावा, प्रत्येक चरण के परिणाम प्रपत्र 17-सी (भाग-दो) में गणना पर्यवेक्षक की मौजूदगी में तैयार किए जाएंगे और अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर के लिए साझा किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक टेबल पर तैनात सूक्ष्म पर्यवेक्षक भी स्वतंत्र रूप से आंकड़े दर्ज कर उनका मिलान करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।







