लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा: प्रखंड क्षेत्र के बगौरा गांव की बेटी संचिता जयसवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संचिता ने 720 अंकों में 629 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया जनरल रैंक 3640 तथा ओबीसी श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक 1416 हासिल की है।
संचिता, प्राथमिक विद्यालय बगौरा के प्रधान शिक्षक विकाश कुमार उर्फ अक्षयवर जयसवाल की पुत्री हैं। उनकी माता कंचन जयसवाल गृहिणी हैं। बेटी की इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में हर्ष का माहौल है।
संचिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद डीएवी पब्लिक स्कूल, महाराजगंज से 10वीं की परीक्षा 94 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री उच्च विद्यालय, बगौरा से इंटरमीडिएट की परीक्षा में 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और अनुशासित तैयारी के बल पर उन्होंने नीट परीक्षा में यह शानदार सफलता अर्जित की।
संचिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय विधायक कर्णजीत सिंह, प्रखंड प्रमुख कविता सिंह, बगौरा पंचायत की मुखिया मीरा देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







