लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा सिसवन प्रखंड के मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ धाम परिसर में रविवार को सैकड़ों युवाओं ने एकजुट होकर स्वच्छता अभियान चलाया। बिना किसी स्वार्थ के युवाओं ने पूरे उत्साह, समर्पण और सेवा भाव के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से युवाओं ने समाज को स्वच्छता, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान में शामिल युवाओं ने कहा कि जब समाजहित के लिए युवा एकजुट होकर कार्य करते हैं तो सकारात्मक बदलाव निश्चित रूप से संभव होता है। उन्होंने बाबा महेंद्रनाथ धाम को हमेशा स्वच्छ, सुंदर और श्रद्धालुओं के लिए आदर्श बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर जन सेवा संगठन (जेएसएस) की ओर से अभियान में सहयोग देने वाले सभी युवाओं के निस्वार्थ सेवा भाव, मेहनत और समर्पण की सराहना की गई। संगठन ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।







