लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
- चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी, बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास पर दिया जोर
सीवान। कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन को लेकर शुक्रवार को राजवंशी देवी बालिका उच्च विद्यालय, सीवान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन सीवान, स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान एवं एसोसिएशन फॉर वॉलिंटियर एक्शन के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस मंजू कुमारी रहीं। कार्यक्रम का संचालन भोला श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान एएचटीयू के पदाधिकारी देवानंद कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम अजय कुमार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, अभियान के उद्देश्यों तथा इसके उन्मूलन में समाज और प्रशासन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वहीं, स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान की प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर स्वीटी सिंह ने बच्चों के अधिकारों एवं बाल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के शोषण, बाल विवाह या संकट की स्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। वक्ताओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने, लोगों को जागरूक बनाने तथा बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एसोसिएशन फॉर वॉलिंटियर एक्शन के जिला समन्वयक, चाइल्ड राइट्स एसोसिएट, मिशन शक्ति की जिला समन्वयक माधुरी कुमारी, चाइल्ड लेबर इंचार्ज धीरज कुमार, महिला थाना की सब इंस्पेक्टर स्मिता कुमारी, भोलू कुमार, नीतीश कुमार, शिवम कुमार, राजेश कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना था।






