लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा सीवान रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेनों में सुव्यवस्थित ढंग से बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों की निगरानी में परीक्षार्थियों को गाड़ी संख्या 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस 02564 नई दिल्ली–बरौनी क्लोन एक्सप्रेस 02570 नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस 15048 गोरखपुर–कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस तथा 05106 सीवान–हाजीपुर परीक्षा विशेष ट्रेन में सुरक्षित रूप से बैठाया गया।
स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। आरपीएफ कर्मियों ने अभ्यर्थियों को उचित प्लेटफॉर्म एवं कोच तक पहुंचाने में सहयोग किया, जिससे किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
रेलवे सुरक्षा बल के इस प्रयास से परीक्षार्थियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिली तथा सभी अभ्यर्थी अपने गंतव्य के लिए सकुशल रवाना हुए।







