लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
रक्सौल / बीरगंज: सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के प्रहरी नायब उपरीक्षक (डीएसपी) विकास अधिकारी और सशस्त्र प्रहरी निरीक्षक उत्तर वाईबा को ‘बेस्ट इंटिग्रिटी अवार्ड–2026’ से सम्मानित किया गया। वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ द्वारा सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक स्वर्गीय सुमन थपलिया की स्मृति में स्थापित इस पुरस्कार के तहत अधिकारी और वाईबा को 25 हजार नेपाली रुपये की नकद राशि एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ और सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 13 गण मुख्यालय, पर्सा के संयुक्त आयोजन में आयोजित कार्यक्रम में सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 2 छिन्नमस्ता वाहिनी के वाहिनीपति सशस्त्र प्रहरी नायब महानिरीक्षक विष्णुप्रसाद भट्ट और वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष हरि गौतम ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया।
पुरस्कार प्रदान करते हुए संघ के अध्यक्ष हरि गौतम ने कहा कि सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक स्वर्गीय सुमन थपलिया ने सुरक्षा क्षेत्र में जो योगदान दिया और राष्ट्रसेवा के प्रति जिस समर्पण का परिचय दिया, उसे चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह पुरस्कार कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने निजी क्षेत्र और सरकारी सुरक्षा निकायों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और विश्वास को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सशस्त्र प्रहरी नायब महानिरीक्षक विष्णुप्रसाद भट्ट ने कहा कि सशस्त्र प्रहरी बल सीमा सुरक्षा के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव तथा नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी प्रभावी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा निकायों और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग से देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में भी सकारात्मक योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक मोहनबहादुर क्षेत्री ने सशस्त्र प्रहरी कर्मचारियों से संगठन के मूल्यों, मान्यताओं और अनुशासन को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित ‘बेस्ट इंटिग्रिटी अवार्ड’ से सशस्त्र प्रहरी कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना बढ़ने की उम्मीद है।
सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक स्वर्गीय सुमन थपलिया का 2023 सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 13 गण मुख्यालय, पर्सा में कार्यरत रहने के दौरान निधन हो गया था। स्वर्गीय थपलिया के योगदान और स्मृति को सम्मान देने के उद्देश्य से बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ द्वारा ‘बेस्ट इंटिग्रिटी अवार्ड’ की स्थापना की गई है।
कार्यक्रम में बीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ के महासचिव शिवजीप्रसाद साह, सहसचिव नरेश टिवडेवाल, संघ के प्रमुख प्रशासनिक अधिकृत मनोज उपाध्याय, नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ मधेश प्रदेश के उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पत्रकार प्रणय कुमार सहित सशस्त्र प्रहरी बल के विभिन्न स्तर के अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं संचारकर्मियों की उपस्थिति रही।







