स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
नई दिल्ली। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल सोमवार को फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी और पार्टी महासचिव कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल आर्य समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।
भाजपा के माहौल से खिन्न थे रामशरण: शैलजा
रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी का स्वागत करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि उनके पुराने साथी को भाजपा में घुटन महसूस हो रही थी। वहां के माहौल और कामकाज से भी उनका मन खिन्न हो गया था। उन्होंने कहा कि रामशरण नौटियाल फिर से कांग्रेस में लौट रहे हैं और पार्टी उनका स्वागत करती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रामशरण नौटियाल के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी मौजूदगी से संगठन को नई ताकत मिलेगी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर भाजपा को घेरा
इस दौरान कुमारी शैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है।
शैलजा ने कहा कि मामले में भाजपा से जुड़े लोगों के कथित ऑडियो सामने आए और एक वीआईपी का नाम भी चर्चा में आया, लेकिन जांच के सभी पहलुओं की पूरी तरह पड़ताल नहीं की गई।
दुष्यंत गौतम से पूछताछ नहीं होने पर उठाए सवाल
कुमारी शैलजा ने आरोप लगाया कि वीआईपी के तौर पर जिस दुष्यंत गौतम का नाम सामने आया, उनसे पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने सिक्किम के राजभवन में उन्हें बैठाए जाने पर भी सवाल उठाए। शैलजा ने आशंका जताई कि इससे कानूनी कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस अपनी संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है। रामशरण नौटियाल की पार्टी में वापसी को इसी राजनीतिक तैयारी के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
Tags:
- Ramsharan Nautiyal Congress
- Jubin Nautiyal father
- Ramsharan Nautiyal joins Congress
- Uttarakhand Congress
- Kumari Selja
- Ganesh Godiyal
- Yashpal Arya
- BJP Congress political news
- Ankita Bhandari murder case
- Dushyant Gautam
- Uttarakhand politics
- Uttarakhand Assembly elections
- Congress party news
- national political news
- Nitish Kumar







