स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया।
पटना : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दिवंगत भरत भूषण तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के फैसले का स्वागत किया है। यह बयान 13 अगस्त को सामने आया।
संजय सरावगी ने कहा कि सरकार का यह फैसला संवेदनशीलता, न्यायप्रियता और मानवीय दृष्टिकोण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच आयोग की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को सहायता देने का निर्णय यह दिखाता है कि सरकार किसी भी परिस्थिति में पीड़ित परिवार को न्याय और सहयोग से वंचित नहीं रखेगी।
सरावगी ने 17 जून को हुई घटना के बाद सरकार की कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि घटना के महज तीन दिन बाद, 20 जून को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने न्यायिक जांच आयोग के गठन की घोषणा की थी। इसके बाद 24 जून को कैबिनेट से आयोग के गठन को मंजूरी मिली और 25 जून को आयोग के अध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, घटना के महज 57 दिनों में आयोग की अंतरिम रिपोर्ट आ गई। उन्होंने इसे सरकार की गंभीरता और त्वरित कार्रवाई का प्रमाण बताया।
सरावगी ने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और एक परिजन को सरकारी नौकरी देने का फैसला सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न्याय और मानवीय दृष्टिकोण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है।







