लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
कई राउंड में विद्यार्थियों ने दिखाई तेज बुद्धि व आत्मविश्वास, शाखा स्तरीय प्रश्न मंच में नौ विद्यालयों के 28 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, वरिष्ठ वर्ग से कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के अभिनव मिश्रा एवं कनिष्ठ वर्ग से मयंक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
रक्सौल: भारत विकास परिषद्, शाखा–रक्सौल के तत्वावधान में रविवार को बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच–2026 का आयोजन किया गया। ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रबोध से ओतप्रोत इस प्रतियोगिता में शहर के नौ विद्यालयों से चयनित 28 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, त्वरित निर्णय क्षमता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड में विद्यार्थियों ने दूसरे को कड़ी चुनौती दी।
कार्यक्रम शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी की अध्यक्षता, संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह के संयोजन तथा कोषाध्यक्ष सुनील कुमार के सफल मंच संचालन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव नरेश कुमार एवं संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी। सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।
31 अगस्त को आयोजित अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ लिखित परीक्षा में रक्सौल के नौ विद्यालयों के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग से प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शाखा स्तरीय प्रश्न मंच के लिए चयनित किया गया था। प्रतियोगिता में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, संत माइकल इंग्लिश स्कूल, एस.ए.वी. स्कूल, भारती पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, चन्द्रशील इंग्लिश स्कूल, जयंत एकेडमी, एम.जी.एम. इंटरनेशनल स्कूल एवं डी.पी.एम. स्कूल के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रश्न मंच को कई चरणों में आयोजित किया गया। सामान्य ज्ञान, भारतीय इतिहास, संस्कृति, भूगोल, संविधान, महापुरुषों, खेल तथा राष्ट्रीय विषयों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की जानकारी को परखा गया। प्रतिभागियों ने अपनी स्मरणशक्ति, विषय ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और मंचीय आत्मविश्वास का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद निर्णायक मंडल ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों की घोषणा की। वरिष्ठ वर्ग में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के अभिनव मिश्रा प्रथम एवं चन्द्रशील स्कूल के अंकित कुमार ने वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया वहीं कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के मयंक कुमार ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं संत माइकल इंग्लिश स्कूल के सर्वेश साह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं शाखा स्तर पर कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एव द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी 4 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर में होने वाले प्रांतीय भारत को जानो प्रश्न मंच में शामिल होंगे।
परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त एवं अवधेश सिंह ने कहा कि ‘भारत को जानो’ जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में देश के इतिहास, संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत के प्रति जिज्ञासा और सम्मान पैदा करती हैं। प्रतियोगिता की भावना के साथ बच्चों में देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी जरूरी है।
शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि भारत विकास परिषद् का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार, सेवा और राष्ट्रबोध से जोड़ना है। ‘भारत को जानो’ विद्यार्थियों को देश की गौरवशाली परंपरा, इतिहास और विविधता को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
शाखा सचिव नरेश कुमार ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान को परखने के साथ उनमें आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का साहस विकसित करते हैं।
संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक होता है, जब उसके साथ संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना जुड़ी हो। ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह और बेहतर प्रदर्शन ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी विद्यालयों के प्रबंधन, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, योगेन्द्र प्रसाद, नरेश कुमार, सुनील कुमार, नीतेश कुमार सिंह, उमेश सिकारिया, अजय कुमार, मनोज कुमार सिंह, बिमल कुमार सर्राफ, विजय कुमार साह, जीतेन्द्र चौरसिया, आलोक कुमार श्रीवास्तव, विवेक कुमार चौरसिया, संतोष कुमार एवं सुरेश धानोठिया आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।







