मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार, सीवान सहित कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 05096/05095 मऊ-कोलकाता-मऊ विशेष ट्रेन (वाया गोरखपुर) के परिचालन अवधि का विस्तार कर दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यह विशेष ट्रेन मऊ से 22 जुलाई से 23 सितम्बर 2026 तक प्रत्येक बुधवार तथा कोलकाता से 23 जुलाई से 24 सितम्बर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को कुल 10 फेरों के लिए चलाई जाएगी। साथ ही ट्रेन के परिचालन समय में भी संशोधन किया गया है।
गाड़ी संख्या 05096 मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन मऊ जंक्शन से दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बेलथरा रोड, सलेमपुर, भटनी, भाटपार रानी, मैरवा, सीवान, एकमा, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी होते हुए अगले दिन सुबह 8:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। सीवान स्टेशन पर इस ट्रेन का आगमन शाम 4 बजे होगा।
वापसी में गाड़ी संख्या 05095 कोलकाता-मऊ विशेष ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 1:20 बजे कोलकाता से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद अगले दिन सुबह 5:20 बजे सीवान पहुंचेगी तथा सुबह 8:40 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी के दो, साधारण द्वितीय श्रेणी के 10, शयनयान श्रेणी के पांच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक तथा वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक कोच शामिल होगा।







