स्टेट डेस्क, श्रेया पाण्डेय
मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 बसें और 3 कारें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए।हादसा मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के 125वें माइलस्टोन के पास हुआ, जब घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई थी। इससे आगे-पीछे चल रहे वाहनों के चालक एक दूसरे को देख नहीं पाए और आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की पहचान की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
इस हादसे ने एक बार फिर से यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानकों और गति सीमा के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के मौसम में धीमी गति से वाहन चलाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।







