लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
महाराजगंज। शहर के एक निजी होटल में रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस एवं फ्यूचर ब्रिज सर्विसेज के संयुक्त तत्वावधान में "शिक्षाविद् सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में महाराजगंज एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में शिक्षाविदों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के प्रति समर्पित शिक्षकों का उत्साहवर्धन करना, उनके योगदान को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित करना था। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं संस्था के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, भाजपा विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल पांडेय एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, ग्रेटर नोएडा के प्रतिनिधि दीपक कुमार ने कहा कि "शिक्षाविद समाज की मजबूत नींव होते हैं। उनके ज्ञान और मार्गदर्शन से ही देश का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनता है। महाराजगंज में इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को सम्मानित कर हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।"
वहीं फ्यूचर ब्रिज सर्विसेज के निदेशक जय ओझा ने कहा कि "शिक्षकों के समर्पण और मेहनत के बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।"
जीआईएमएस संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि "शिक्षकों का सम्मान समाज की समृद्धि और संस्कारों का प्रतीक है। भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षाविदों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।"
संस्थान के ग्रुप हेड आउटरीच पंकज कुमार ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल शिक्षकों का सम्मान नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व को नई पहचान देने का प्रयास है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान सभी सम्मानित शिक्षकों को संस्था की ओर से स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट किए गए। उपस्थित शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, विद्यालय संचालक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, सम्मान और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना से सराबोर रहा।







