लोकल डेस्क, एन के सिंह।
सीताराम सिंह की 13वीं पुण्यतिथि। बंजरिया में आयोजित पुष्पांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, उपमुख्यमंत्री ने कहां राम जानकी पथ से जुड़ेगा सीताराम सिंह का गाँव, विकास की नई गाथा लिखेगी सरकार।
पूर्वी चंपारण: जिले के मधुबन प्रखंड अंतर्गत बंजरिया में बिहार विभूति, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय सीताराम सिंह की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशाल पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सीताराम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
"गरीबों के मसीहा थे सीताराम सिंह"
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सीताराम सिंह जी सही मायनों में गरीबों और पीड़ितों के मसीहा थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा में समर्पित कर दिया। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए लोक प्रेरणा लेना चाहिए। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में सुशासन और 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को पूरा कर रहे हैं।
माफियाओं और अपराधियों का होगा सफाया
उपमुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में अपराधियों और माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा, "अब बिहार में कचरे की सफाई का काम शुरू हो चुका है। चाहे जमीन माफिया हो, बालू माफिया हो या शराब माफिया—किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी अगर पाताल में भी छुपा होगा या विदेश भाग जाएगा, तो उसे खोजकर जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। अपराधियों के पास अब दो ही रास्ते हैं: या तो वे परमानेंट नेपाल चले जाएँ या फिर मोतिहारी जेल जाने को तैयार रहें।"
विकास का नया रोडमैप, राम जानकी पथ और गंडक का कायाकल्प
सम्राट चौधरी ने क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि राम जानकी पथ का निर्माण हो रहा है और सीताराम सिंह जी का गाँव भी इसी पथ पर स्थित है। सड़कों का जाल बिछाकर बिहार की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा रहा है।
नदियों का प्रबंधन
सांसद राधा मोहन सिंह के सुझाव पर गंडक और बूढ़ी गंडक का व्यवस्थित सर्वे कराया जा रहा है। इसके विकास के लिए सरकार हजारों करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है। पलायन पर रोक उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अब किसी भी बिहारी को काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। 202 सीटों का जनादेश देकर जनता ने जो भरोसा जताया है, सरकार उसे स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करके पूरा करेगी।
दिग्गजों का रहा जमावड़ा
श्रद्धांजलि सभा में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। वक्ताओं ने सीताराम सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और समर्थक उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने जनप्रिय नेता को याद किया। इस दौरान सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास की गंगा बह रही बिहार और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ सभी को मिल रहा है। बड़ी संख्या में इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दल के नेता उपस्थित थे।







