स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
पटना। पत्रकारिता की पढ़ाई में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग के छात्र-छात्राओं ने पटना में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के विभिन्न संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण किया।
विभाग के प्राध्यापक डॉ. साकेत रमण और डॉ. परमात्मा कुमार मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस भ्रमण में स्नातक एवं स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों ने तीनों मीडिया माध्यमों की कार्यप्रणाली को समझा और पत्रकारिता के विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले कामकाज की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण संयोजक डॉ. साकेत रमण ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अंतर्गत दूरदर्शन में विद्यार्थियों को टेलीविजन पत्रकारिता की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। यहां उन्होंने न्यूज रूम प्रोडक्शन, एडिटिंग, अर्थ स्टेशन, स्टूडियो, लाइव कवरेज और शूटिंग के बारे में जानकारी ली। साथ ही जाना कि टेलीविजन समाचारों की तैयारी, संपादन और प्रसारण किस प्रकार किया जाता है। दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार मधुरेश कुमार, संत जी समेत समाचार प्रस्तोताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया।
भ्रमण संयोजक डॉ. परमात्मा मिश्र के अनुसार प्रिंट मीडिया के अंतर्गत दैनिक जागरण के कार्यालय में विद्यार्थियों ने समाचारों के चयन, लेखन और संपादन से लेकर पेज निर्माण तथा समाचार पत्र के प्रकाशन तक की प्रक्रिया को करीब से समझा। इसके साथ ही खबरों को समाचार पत्र में प्रस्तुत करने के तरीकों की जानकारी भी प्राप्त की। प्रबोधन सत्र में विद्यार्थियों ने स्टेट हेड बिहार - झारखंड आलोक मिश्रा, स्थानीय संपादक अश्विनी जी और जागरण के नेशनल रिव्यूअर प्रमोद पांडे का मार्गदर्शन प्राप्त किया।
वहीं, डिजिटल मीडिया के अंतर्गत दैनिक भास्कर के डिजिटल विभाग में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं को समझा। यहां उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए खबरों के चयन, लेखन, संपादन और प्रकाशन की प्रक्रिया बताई गई। साथ ही यह भी समझाया गया कि डिजिटल माध्यमों पर खबरों को पाठकों तक किस तरह पहुंचाया जाता है। भास्कर डिजिटल के स्टेट हेड श्याम द्विवेदी, प्रभात रंजन समेत डिजिटल न्यूजरूम में प्रख्यात पत्रकारों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
भ्रमण उपरांत संध्या में होटल राय हार्बर में विभाग के अध्यक्ष और देश के प्रख्यात विचारक प्रो. अरुण कुमार भगत ने विद्यार्थियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता के बीच अंतर समझने का अवसर मिला। उन्होंने जाना कि अलग-अलग मीडिया माध्यमों में खबरों की प्रस्तुति और प्रकाशन की प्रक्रिया किस प्रकार अलग होती है। इस शैक्षणिक गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़कर पत्रकारिता के वास्तविक कार्यक्षेत्र से परिचित कराना था। इससे विद्यार्थियों को मीडिया संस्थानों में काम करने की प्रक्रिया और पेशेवर पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला।






