मुंगेर में मंत्री के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, ASI समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में शनिवार को मंत्री के काफिले को सुरक्षा दे रही पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में वाहन चालक और तीन महिला सिपाही भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, मंत्री का काफिला मुंगेर स्थित सर्किट हाउस से मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन के रास्ते भागलपुर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
ASI समेत पांच पुलिसकर्मी घायल
हादसे में एएसआई मोहम्मद आजम, वाहन चालक राजेश कुमार और महिला सिपाही चांदनी कुमारी, स्वाति कुमारी तथा शोभा देवी घायल हो गईं। घटना के बाद सभी घायलों को मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस लाइन भेजे गए घायल
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। उपचार के बाद सभी पुलिसकर्मियों की स्थिति सामान्य बताई गई और उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया।







