मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
स्टेट डेस्क , रानी कुमारी ।
पटना। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को पटना के पाटलिपुत्र पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्व. वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे महान नेता थे, जिन्होंने अपने विचारों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश को नई दिशा देने का काम किया। उनके राजनीतिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और जनसेवा को विशेष महत्व मिला।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, संजय कुमार गुप्ता और विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन, राष्ट्रगान, राष्ट्र गीत, बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। देशभक्ति गीतों के माध्यम से स्व. वाजपेयी के राष्ट्र के प्रति समर्पण और उनके विचारों को याद किया गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने भी उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।






