Ad Image
Ad Image
पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया || PM के आवास के बाहर पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर धरने पर राहुल गांधी || PM मोदी के आवास के बाहर धरने पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज || अमेरिकी और ईरान के बीच प्रारंभिक समझौता, 60 दिन का सीजफायर लागू || अमेरिकी सेंट्रल कमान की घोषणा, ईरान की नाकेबंदी समाप्त || ईरान - अमेरिका में टकराव चरम पर, नए हमलों से सीजफायर पर लग सकता ब्रेक || जापान: तूफान जोंगमी ने मचाई तबाही, 60 हजार से अधिक घरों में बिजली गुल || जयराम रमेश ने लिखा पत्र, ग्रेट निकोबार परियोजना पर पुनर्विचार की अपील || नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में आग से 20 की मौत, दर्जनों घायल || ट्रंप ने कहा, खाड़ी देशों की अपील पर ईरान पर हमले बंद किए गए

The argument in favor of using filler text goes something like this: If you use any real content in the Consulting Process anytime you reach.

  • img
  • img
  • img
  • img
  • img
  • img

Get In Touch

मोतिहारी चीनी मिल को चालू करने की दिशा में जल्द शुरू होगा काम : CM

स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना |

  • बापूधाम महोत्सव का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, पूर्वी चंपारण को 285 करोड़ की 145 विकास योजनाओं की सौगात

मोतिहारी : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मोतिहारी के गांधी मैदान में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित बापूधाम महोत्सव-2026 का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। तीन सितंबर तक चलने वाले महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने पूर्वी चंपारण के विकास को नई गति देने के लिए करीब 285 करोड़ रुपये की लागत वाली 145 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने मोतिहारी चीनी मिल को पुनः शुरू करने की दिशा में शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा, जबकि मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को अब आम लोगों की मांग पर बरियारपुर में स्थापित किया जाएगा। नेहरू स्टेडियम में संचालित केंद्रीय विद्यालय के स्थान पर इंडोर स्टेडियम बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में मत्स्य समृद्धि क्लस्टर एवं फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण जल्द शुरू होगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क बनेगा। मोतिहारी में वर्तमान मदर डेयरी से भी बड़ा मदर डेयरी स्थापित करने की योजना है। वहीं, लंबे समय से बंद पड़ी मोतिहारी चीनी मिल को शुरू करने की दिशा में कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

मोतीझील के किनारे बनेगा मरीन ड्राइव

मुख्यमंत्री ने मोतिहारी शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। मोतीझील के किनारे रोइंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क एवं नाला निर्माण कराया जाएगा, जिसे मरीन ड्राइव के रूप में विकसित किया जाएगा।

मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की घोषणा की गई। पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक भाया कल्याणपुर 17 किलोमीटर सड़क तथा शीतलपुर से रमडीहा भाया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज तक जाने वाली सड़क का भी चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जाएगा। अरेराज स्थित सोमेश्वरनाथ मंदिर तक जाने वाली सभी प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की भी घोषणा मुख्यमंत्री ने की।

अटल कला भवन से कला-संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में अटल कला भवन का निर्माण कराया जाएगा। इससे जिले में कला एवं संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज का जीर्णोद्धार तथा मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना के विकास का भी उल्लेख उन्होंने किया। मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

बिहार में खुलेगा NSD का नया कैंपस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिल गई है। इसके लिए राज्य सरकार उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी तथा भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। उन्होंने कहा कि NSD कैंपस बनने से बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और शोध के बेहतर अवसर मिलेंगे।

सहयोग शिविर में सुनी आम लोगों की समस्याएं

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने आम लोगों एवं आवेदकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान अभियान बसेरा के तहत पात्र लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा तथा मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। वहीं, 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से अब तक करीब सात लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य में एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है और पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड दिया गया है।

रोजगार और महिला सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 के चुनाव से पहले बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने और सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर सृजित कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। मछली उत्पादन को बढ़ावा देने, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने तथा जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय-बकरी पालन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर उन्हें दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।

उच्च शिक्षा के विस्तार का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएचडी करने वाली छात्राओं को चार वर्षों तक प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में 700 मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों के साथ जेईई एवं नीट की तैयारी की व्यवस्था की जा रही है। राज्य में एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई 2026 से पठन-पाठन शुरू होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने चंपारण के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने चंपारण के किसानों को नील की खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। बापूधाम महोत्सव चंपारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। मौके पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, जिले के विभिन्न विधायक एवं विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।