लोकल डेस्क, आर्या कुमारी ।
2 घंटे तक पुलिस की कार्रवाई, कई दुकानों से ‘गोगो’ जब्त, तस्करों की तलाश जारी...
मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): शहर के बस स्टैंड इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा किलो गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस टीम ने लगभग दो घंटे तक अभियान चलाया, जिसमें कई दुकानों और ठेलों की तलाशी ली गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को गांजे के साथ-साथ ‘गोगो’ नामक नशीला पदार्थ भी मिला, जिसे छोटे-छोटे पैकेटों में बेचने की तैयारी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह नशीला सामान यात्रियों और स्थानीय युवाओं को निशाना बनाकर बेचा जा रहा था।
अभियान के दौरान कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गई, हालांकि मुख्य तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आम लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।






