स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार
मोतिहारी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मोतिहारी दौरे के दौरान बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। साथ ही राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने और एक जाति विशेष को निशाना बनाकर फर्जी एनकाउंटर कराने का आरोप लगाया।
तेजस्वी यादव पूर्व राजद जिलाध्यक्ष स्वर्गीय सुरेश यादव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने मोतिहारी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में एक विशेष जाति के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता की सरकार नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार के पास स्पष्ट विजन की कमी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से ईंधन कम उपयोग करने और सोना नहीं खरीदने की अपील कर रहे हैं। कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि आगे चलकर लोग कपड़े तक न पहनने की सलाह सुन सकते हैं।
उन्होंने अपनी पुरानी राजनीतिक भविष्यवाणी का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, जो बाद में सही साबित हुआ। इसी आधार पर उन्होंने दावा किया कि बिहार में भाजपा की सरकार भी ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।
तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की और कहा कि उनकी पार्टी फिर मजबूती के साथ वापसी करेगी।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा नेताओं के नाम भी सामने आए हैं।
अपनी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के पकड़े जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से संकेत मिलता है कि इसमें बड़े स्तर पर लोगों की संलिप्तता हो सकती है।






