लोकल डेस्क, एन के सिंह।
हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर।डीजे और अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध, सादे लिबास में पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीमें रखेंगी चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर।
पूर्वी चंपारण: विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि उत्सव के दौरान विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। जिले भर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं, ताकि छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बिना किसी भय के वसंत महोत्सव का आनंद ले सकें।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध और सादे लिबास में पुलिस का पहरा
पुलिस अधीक्षक ने सख्त निर्देश जारी करते हुए जिले में डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए जिला और अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है। बाइक पेट्रोलिंग के जरिए गलियों और मोहल्लों में गश्त तेज कर दी गई है। खास बात यह है कि इस बार महिला सुरक्षा बलों के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे, जो भीड़ के बीच रहकर असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों की पहचान करेंगे।
चप्पे-चप्पे पर तैनाती: 691 संवेदनशील स्थल चिन्हित
प्रशासन ने जिले के सभी अनुमंडलों में कुल 691 महत्वपूर्ण स्थलों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी है। इसमें सदर मोतिहारी में 219, सिकरहना में 143 और चकिया में 121 समेत अन्य क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। अरेराज स्थित श्री सोमेश्वर नाथ मंदिर में लगने वाले मेले के लिए भी 24 विशेष सुरक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
पूजा समितियों के लिए सख्त गाइडलाइंस
थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकों के जरिए सभी पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि मूर्ति विसर्जन केवल निर्धारित तिथि (24 जनवरी और उसके बाद) और प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट से ही होगा। विवादित मार्गों से जुलूस ले जाने और उत्तेजक नारे लगाने पर सख्त पाबंदी है। साथ ही, पंडालों में बिजली कनेक्शन और फायर सेफ्टी मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कंट्रोल रूम से होगी सीधी मॉनिटरिंग
किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (06252-242418) स्थापित किया गया है। इसके अलावा सभी अनुमंडलों में भी स्थानीय नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंगे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिला वासियों को सरस्वती पूजा की शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे इस पावन पर्व को आपसी भाईचारे और सात्विक भाव के साथ मनाएं।







