नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार।
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ के जरिए देश को हाईजैक कर लिया गया है। राहुल ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी जिम्मेदार ठहराया।
300 सांसदों को निर्वाचन आयोग जाने से रोका
राहुल गांधी ने मंगलवार को विपक्षी सांसदों के संसद से निर्वाचन सदन तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च के दौरान मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि करीब 300 लोकसभा और राज्यसभा सांसद उनके साथ आए थे। सभी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे।
राहुल ने कहा कि सांसद देश के प्रतिनिधि हैं और जनता की आवाज संसद तक पहुंचाते हैं। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक जाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि आयोग का कार्यालय वहां से करीब 50 गज की दूरी पर था।
आकाशवाणी भवन के सामने रोका गया
इंडिया गठबंधन के सांसदों के मार्च को आकाशवाणी भवन के सामने रोक दिया गया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य सांसद वहीं धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस उन्हें समझाकर आकाशवाणी भवन के अंदर ले गई।
करीब साढ़े पांच घंटे तक अंदर रखने के बाद उन्हें बाहर लाया गया। इसके बाद भी जब वे नहीं माने तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
‘देश में लोकतंत्र खत्म कर दिया गया’
हिरासत में लिए जाने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया है। उन्होंने एसआईआर के नाम पर देश के साथ किए गए काम को ‘देशद्रोह’ बताया। राहुल ने कहा कि इस काम के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि करीब 300 सांसद ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं, लेकिन “ज्ञानेश कुमार जी डरे हुए हैं।” राहुल ने सवाल उठाया कि अगर देश के प्रतिनिधियों से निर्वाचन आयोग नहीं मिलेगा तो लोकतंत्र का क्या मतलब है।
‘हम उन्हें खत्म करने जा रहे हैं’
एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, "हम सिर्फ उनका मुकाबला नहीं करने जा रहे हैं, हम उन्हें खत्म करने जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि भाजपा क्या कहती है, उन्हें इसकी कोई रुचि नहीं है। उनका कहना था कि वह देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां खड़े हैं और उनके साथ आए करीब 300 सांसद भी इसी कोशिश में हैं।
‘वोट चोरी करके देश को हाईजैक किया’
राहुल गांधी ने कहा, "अमित शाह, नरेंद्र मोदी, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार, इन लोगों ने देश के लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। पूरा देश तथा देश के युवा इस बात को मानते और समझते हैं। हमें रोक रहे पुलिसकर्मी भी "यही कह रहे हैं कि हम जानते हैं। असल में देश को नरेंद्र मोदी ने वोट चोरी करके हाईजैक किया है, अमित शाह जी ने हाईजैक किया है, मोहन भागवत जी ने हाईजैक किया है और ज्ञानेश कुमार ने उनकी मदद की है।"
उन्होंने कहा " मैं सोच-समझकर कह रहा हूं कि इन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी और इनमें से एक व्यक्ति भी बचकर नहीं जायेगा, चाहे वह नरेंद्र मोदी हों, अमित शाह हों, ज्ञानेश कुमार हों या मोहन भागवत। हमारे देश के साथ जो किया गया है, वह देशद्रोह है। कोई भी बचकर नहीं भाग पायेगा।"







