राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को करेंगी संबोधित
नेशनल डेस्क , रानी कुमारी।
नई दिल्ली। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज, शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम 7 बजे आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। इसके साथ ही दूरदर्शन के सभी चैनलों पर राष्ट्रपति का संबोधन पहले हिंदी और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित होगा।
राष्ट्रपति के संबोधन को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय भाषाओं में भी प्रसारण की व्यवस्था की गई है। दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर हिंदी और अंग्रेजी प्रसारण के बाद संबोधन के क्षेत्रीय भाषा संस्करण प्रसारित किए जाएंगे। वहीं, आकाशवाणी के क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9:30 बजे क्षेत्रीय भाषाओं में संबोधन का प्रसारण किया जाएगा।
राष्ट्रपति के संबोधन में देश की विकास यात्रा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक एकता और नागरिकों की जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर संदेश दिए जाने की उम्मीद है। स्वतंत्रता दिवस का अवसर भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ-साथ देश के भविष्य के प्रति संकल्प लेने का भी अवसर होता है और आज का सम्बोधन इसलिए खास हैं , क्योंकि देश आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।







