लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । जीआरपी सीवान, सीपीडीएस टीम एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को मैरवा रेलवे स्टेशन से एक शराब तस्कर को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक सीवान सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में की गई।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पीठ पर लदे पिठू बैग से 750 एमएल की सात बोतल मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.250 लीटर तथा अनुमानित कीमत 5,950 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार (21 वर्ष) पिता अनिल कुमार साह, निवासी मुराय, थाना सकरा, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मैरवा जीआरपी थाना में कांड संख्या 96/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में जीआरपी के उपनिरीक्षक सुरजीत कुमार, आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक नंद किशोर सिंह, सीपीडीएस टीम के सहायक उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल लक्ष्मण यादव, विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव एवं धर्मेंद्र कुमार शामिल थे।







