विद्यापतिधाम में 22 से 24 नवंबर तक 14वां राजकीय विद्यापति महोत्सव , उप-मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन
लोकल डेस्क, रानी कुमारी।
समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर स्थित विद्यापतिधाम में 22 से 24 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। महाकवि विद्यापति की निर्वाण स्थली माने जाने वाले इस स्थान पर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यह भव्य आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का उद्घाटन बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे। उद्घाटन समारोह 22 नवंबर को अपराह्न तीन बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री, पर्यटन मंत्री, धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष के साथ-साथ जिले के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और जिला परिषद अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होने वाले हैं।
यह महोत्सव महाकवि विद्यापति की महाप्रयाण स्थली विद्यापतिधाम (उगना महादेव मंदिर व रेलवे मैदान परिसर) में होगा। कार्यक्रम 22 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर को संपन्न होगा।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में साहित्य, संगीत, कवि सम्मेलन और लोक कला का संगम देखने को मिलेगा। देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और दलसिंहसराय के एसडीएम किशन कुमार ने स्थानीय अधिकारियों और मंदिर न्यास समिति के साथ तैयारियों की समीक्षा की है। इसके तहत भव्य पंडाल, मंच, रंग-रोगन और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह आयोजन महाकवि विद्यापति की स्मृति और उनकी साहित्यिक-सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।







