लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
दरौंदाः विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड की पांडेयपुर पंचायत में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव रंजन ने किया। इस दौरान पंचायत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे।कार्यक्रम में मुखिया निरंजन सिंह, देवेन्द्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, जनार्दन सिंह, मोहन सिंह, आत्मा सिंह, नीतेश सिंह, मुरारी सिंह, लाल बाबू पटेल, चंदन भारती, राम बाबू सिंह, शंकर यादव तथा भुलेटन साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर पीओ राजीव रंजन ने कहा कि पौधे पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया। पौधारोपण अभियान को लेकर पंचायत क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।







