स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
राघोपुर। पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के निर्देश पर रूस्तमपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राघोपुर दियारा क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दमरीयाही घाट सुकुमारपुर दियारा में संचालित 8 देशी शराब भट्टियों को ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान करीब 20 हजार लीटर कच्चा जावा नष्ट किया गया, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को आग लगाकर जला दिया गया। मौके से प्लास्टिक और टिन के ड्रम सहित अन्य सामग्री भी नष्ट की गई।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर फरार हो गए, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गंगा नदी के किनारे अवैध रूप से शराब भट्टियों का संचालन किया जा रहा है, जिसके बाद टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके बावजूद शराब कारोबारी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहे हैं और नदी किनारे व झाड़ियों में चोरी-छिपे शराब का निर्माण कर आसपास के इलाकों में आपूर्ति की जा रही है।







