लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान: बिहार विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं शिक्षक नेता डॉ. आनंद ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों से उन्हें अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने राज्य के विद्यालयों में पूर्व की भांति शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था पुनः लागू करने की मांग उठाई।
डॉ. आनंद ने कहा कि शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था लागू होने से शिक्षकों को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में सहूलियत मिलेगी तथा विद्यालयी व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनेगी। उन्होंने शिक्षकों से जुड़ी अन्य समस्याओं और मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक नेता की बातों को गंभीरता से सुना और शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।







