लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान : री-नीट परीक्षा को लेकर छात्रों एवं अभिभावकों के बीच बढ़ती उत्सुकता के बीच बिहार विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद ने विद्यार्थियों को परीक्षा दिवस पर अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण रणनीतियों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि री-नीट केवल ज्ञान की परीक्षा नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, धैर्य, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। सफलता उसी छात्र को मिलती है जो परीक्षा के दिन अपने मन और भावनाओं पर नियंत्रण बनाए रखता है।
डॉ आनंद ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि परीक्षा से पूर्व रात में कम से कम सात से आठ घंटे की पर्याप्त नींद अवश्य लें तथा परीक्षा के दिन सुबह किसी भी नए विषय या टॉपिक की पढ़ाई शुरू न करें। उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचना चाहिए, ताकि किसी प्रकार का तनाव उत्पन्न न हो और वे सहज मन से परीक्षा में शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने के बाद अन्य विद्यार्थियों की चर्चाओं, अनुमानित कटऑफ या कठिन प्रश्नों से संबंधित बातों पर ध्यान न दें। इससे अनावश्यक दबाव बढ़ता है और आत्मविश्वास प्रभावित होता है।
परीक्षा कक्ष के लिए विशेष सुझाव देते हुए डॉ आनंद ने कहा कि प्रश्नपत्र प्राप्त होने के बाद सबसे पहले मन को शांत रखें और प्रत्येक प्रश्न को ध्यानपूर्वक पढ़ें। जिन प्रश्नों के उत्तर पर पूर्ण विश्वास हो, उन्हें पहले हल करें। किसी एक कठिन प्रश्न पर अनावश्यक समय व्यर्थ न करें। समय प्रबंधन ही उच्च अंक प्राप्त करने का सबसे बड़ा आधार है।
उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपनी तैयारी पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि शांत मन, आत्मविश्वास और सही रणनीति के साथ परीक्षा देने वाले छात्र निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।







