स्टेट डेस्क , रानी कुमारी ।
दरभंगा। बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर छात्र-युवा संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। ‘शिक्षा बचाओ-स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत आगामी 3 सितंबर को विभिन्न विद्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आंदोलन के जरिए सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, भवन और जमीन से जुड़ी समस्याओं तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की मांग उठाई जाएगी।
सोमवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी के जिला कार्यालय में जिला सचिव बैद्यनाथ यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ‘शिक्षा बचाओ-स्कूल ठीक करो’ अभियान की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा की गई और बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 सितंबर को जिले के विभिन्न विद्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में विद्यालयों के खुलने के बावजूद उनमें आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में स्कूल खोले गए हैं, लेकिन अधिकांश विद्यालयों के पास पर्याप्त भूमि और भवन की व्यवस्था नहीं है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके शैक्षणिक वातावरण पर पड़ रहा है।
छात्र-युवा संगठनों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल नए स्कूल खोलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुराने और नए विद्यालयों में पर्याप्त भवन, जमीन और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी। विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का सबसे अधिक असर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों पर पड़ता है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना शिक्षा के अधिकार और समान अवसर की मांग को लेकर ये धरना प्रदर्शन किया जाएगा।







