Ad Image
Ad Image
पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया || PM के आवास के बाहर पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर धरने पर राहुल गांधी || PM मोदी के आवास के बाहर धरने पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज || अमेरिकी और ईरान के बीच प्रारंभिक समझौता, 60 दिन का सीजफायर लागू || अमेरिकी सेंट्रल कमान की घोषणा, ईरान की नाकेबंदी समाप्त || ईरान - अमेरिका में टकराव चरम पर, नए हमलों से सीजफायर पर लग सकता ब्रेक || जापान: तूफान जोंगमी ने मचाई तबाही, 60 हजार से अधिक घरों में बिजली गुल || जयराम रमेश ने लिखा पत्र, ग्रेट निकोबार परियोजना पर पुनर्विचार की अपील || नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में आग से 20 की मौत, दर्जनों घायल || ट्रंप ने कहा, खाड़ी देशों की अपील पर ईरान पर हमले बंद किए गए

The argument in favor of using filler text goes something like this: If you use any real content in the Consulting Process anytime you reach.

  • img
  • img
  • img
  • img
  • img
  • img

Get In Touch

शीतलहर के साथ मोतियाबिंद ऑपरेशन की लहर, अब गुणवत्ता की ओर बढ़ने का समय

नेपाल डेस्क, मुस्कान सिंह।

बीरगंज: बिहार के सीमावर्ती इलाकों में छठ पूजा समाप्त होते ही एक अलग ही नजारा देखने को मिलता है। सुबह-शाम कुहासा और ठंडी हवाओं के साथ आंखों के अस्पतालों एवं नेत्र चिकित्सा केंद्रों में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगती है। खासकर मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या में तेजी देखी जाती है।

हमारे यहां मजाक में कहा जाता है कि सर्दियों में दो तरह की बसें खूब दिखाई देती हैं। एक, जो शादी-ब्याह में बारातियों को लेकर जाती हैं और दूसरी, जो मोतियाबिंद के मरीजों को अस्पताल पहुंचाती हैं। नेपाल से सटे बिहार के सीमावर्ती इलाकों में यह दृश्य काफी आम है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर लोग मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए सर्दियों का ही इंतजार क्यों करते हैं?

इसके पीछे एक ऐतिहासिक कारण है। पहले मोतियाबिंद की सर्जरी में आंख पर बड़ा चीरा लगाया जाता था। घाव भरने में समय लगता था और ऑपरेशन के बाद मरीजों को कई सावधानियां बरतनी पड़ती थीं। गर्मियों में पसीने, धूल और तेज गर्मी के कारण देखभाल करना कुछ मुश्किल होता था। वहीं, सर्दियों में इन सावधानियों का पालन अपेक्षाकृत आसान था। धीरे-धीरे यह एक परंपरा बन गई।

हालांकि, चिकित्सा विज्ञान अब काफी आगे बढ़ चुका है। आज फेकोइमल्सिफिकेशन (Phacoemulsification) जैसी आधुनिक तकनीक से बहुत छोटे चीरे के माध्यम से मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाता है। अधिकांश मामलों में टांके लगाने की भी जरूरत नहीं पड़ती। बेहतर उपकरणों, संक्रमण नियंत्रण और आधुनिक शल्य चिकित्सा पद्धतियों के कारण साल के किसी भी मौसम में ऑपरेशन संभव है।

इसलिए मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए सर्दियों का इंतजार करना अब जरूरी नहीं है। सर्दियों में कम पसीना आना और ऑपरेशन के बाद कुछ सावधानियों का पालन करना अपेक्षाकृत आसान होना व्यावहारिक फायदे जरूर हैं, लेकिन यदि मोतियाबिंद बढ़ रहा है और दृष्टि प्रभावित हो रही है, तो केवल मौसम के इंतजार में इलाज टालना उचित नहीं है।

आज भी बहुत से लोगों में यह धारणा है कि मोतियाबिंद पूरी तरह पकने के बाद ही ऑपरेशन कराना चाहिए। आधुनिक चिकित्सा पद्धति में यह धारणा सही नहीं है। अब मोतियाबिंद के पूरी तरह पकने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं होती। अधिक देर करने से मोतियाबिंद कठोर हो सकता है, जिससे ऑपरेशन कठिन हो सकता है। कुछ मामलों में आंखों का दबाव बढ़ने जैसी जटिलताएं भी सामने आ सकती हैं।

इसके अलावा, दृष्टि कम होने का कारण हमेशा मोतियाबिंद ही नहीं होता। डायबिटीज के कारण रेटिना की बीमारी, ग्लूकोमा और आंखों की अन्य समस्याएं भी दृष्टि को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए समय पर किसी योग्य नेत्र विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है।

भारत और नेपाल के सीमावर्ती तथा ग्रामीण इलाकों में आंखों के शिविरों का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को इन शिविरों के माध्यम से बेहतर दृष्टि मिली है। कई लोगों के लिए ये शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहे हैं। वर्षों से शिविर आयोजित करने वाले संस्थानों, अनुभवी नेत्र सर्जनों और स्वास्थ्यकर्मियों ने इस क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है। उचित मरीज चयन, जरूरी जांच, संक्रमण नियंत्रण, प्रशिक्षित टीम और ऑपरेशन के बाद नियमित फॉलोअप की व्यवस्था हो, तो शिविरों में भी सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार संभव है।

हालांकि, अब समय के साथ उपचार की प्राथमिकताओं पर भी विचार करने की जरूरत है। आज बिहार के अधिकांश जिलों और नेपाल के तराई एवं मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में आंखों के अस्पताल और उपचार केंद्र पहले की तुलना में अधिक उपलब्ध हैं। आधुनिक मशीनें, अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ और बेहतर शल्य चिकित्सा सुविधाएं अब पहले से कहीं अधिक सुलभ हैं। सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और विभिन्न बीमा सुविधाओं ने भी उपचार की पहुंच बढ़ाई है।

ऐसे में हमारी सफलता का पैमाना केवल यह नहीं होना चाहिए कि कितने मरीजों का ऑपरेशन किया गया, बल्कि यह भी होना चाहिए कि ऑपरेशन के बाद मरीज कितना बेहतर देख पा रहा है और उसके जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया है। अब समय है कि हम संख्या के साथ-साथ उपचार की गुणवत्ता पर भी समान ध्यान दें और Quantity से Quality Eye Care की ओर बढ़ें।

इसका अर्थ यह नहीं है कि आंखों के शिविरों की उपयोगिता समाप्त हो गई है। दुर्गम ग्रामीण, पहाड़ी और ऐसे क्षेत्रों में जहां आज भी विशेषज्ञ सेवाओं की पहुंच नहीं है, वहां शिविरों की आवश्यकता बनी रहेगी। लेकिन जहां नियमित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां मरीजों को उनकी जरूरतों के अनुरूप उपचार का अवसर मिलना चाहिए।

मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए आने वाले दो मरीजों की समस्या देखने में एक जैसी हो सकती है, लेकिन उनकी आंखों की स्थिति और जरूरतें अलग-अलग हो सकती हैं। किसी मरीज को डायबिटीज है, तो किसी को हाई ब्लड प्रेशर। किसी की आंखों के पर्दे यानी रेटिना में समस्या हो सकती है, तो किसी को ग्लूकोमा भी हो सकता है। कुछ मरीजों में मोतियाबिंद के अलावा दूसरी बीमारियां भी दृष्टि कम होने का कारण बनती हैं। ऐसे में प्रत्येक मरीज की जरूरत के अनुसार उपचार की योजना बनाना महत्वपूर्ण है।

विस्तृत जांच के माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि दृष्टि कम होने का कारण केवल मोतियाबिंद है या कोई अन्य बीमारी भी मौजूद है। आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों की सहायता से रेटिना और आंखों की अन्य संरचनाओं का मूल्यांकन किया जा सकता है। इसी के आधार पर शल्य चिकित्सा की योजना बनाई जाती है।

आज मोतियाबिंद के उपचार में मोनोफोकल, टॉरिक, मल्टीफोकल और ईडीओएफ जैसे विभिन्न प्रकार के कृत्रिम लेंस उपलब्ध हैं। हालांकि, हर मरीज के लिए महंगा या अत्याधुनिक लेंस जरूरी नहीं है। किसी मरीज के लिए सामान्य लेंस सबसे उपयुक्त हो सकता है, जबकि दूसरे मरीज को उसकी जीवनशैली और दृष्टि संबंधी जरूरतों के अनुसार अलग विकल्प की आवश्यकता हो सकती है। इसलिए लेंस का चुनाव विशेषज्ञ की सलाह और मरीज की जरूरतों के आधार पर होना चाहिए।

आधुनिक तकनीक से उचित मरीजों में बिना इंजेक्शन के केवल आई ड्रॉप्स के माध्यम से आंख को सुन्न करके भी ऑपरेशन किया जा सकता है। मरीज की आंखों की स्थिति और चिकित्सकीय जरूरतों के अनुसार उपचार को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है। व्यक्तिगत उपचार का एक महत्वपूर्ण लाभ यह भी है कि मरीज को अपनी बीमारी, उपचार के विकल्प, संभावित परिणाम और जोखिमों को समझने का पर्याप्त अवसर मिलता है। ऑपरेशन के बाद नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त उपचार भी सुनिश्चित किया जा सकता है।

मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने से पहले मरीजों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। सबसे पहले किसी योग्य नेत्र विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि दृष्टि कम होने का कारण वास्तव में मोतियाबिंद ही है। ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक की योग्यता और अनुभव के बारे में जानकारी रखनी चाहिए। अपनी आंखों की स्थिति और जरूरतों के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह से उपयुक्त लेंस का चुनाव करना चाहिए। ऑपरेशन के बाद निर्धारित दवाओं और सावधानियों का पूरी तरह पालन करना तथा नियमित फॉलोअप कराना भी जरूरी है। यदि ऑपरेशन के बाद अचानक दृष्टि कम हो, तेज दर्द हो या आंख में अत्यधिक लालिमा दिखाई दे, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

अंततः छठ पूजा के बाद शुरू होने वाली मोतियाबिंद ऑपरेशन की लहर हमारे क्षेत्र की पुरानी पहचान बन चुकी है। लेकिन चिकित्सा विज्ञान में आए बदलाव के साथ हमारी सोच में भी बदलाव आना चाहिए। आंखों के शिविरों ने समाज को बहुत कुछ दिया है और जहां उनकी जरूरत है, वहां वे आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। साथ ही, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता के बीच उपचार की गुणवत्ता, मरीजों की व्यक्तिगत जरूरतों और दीर्घकालीन परिणामों पर भी समान ध्यान देना होगा।

आखिरकार, सफलता इस बात में नहीं है कि कितनी आंखों का ऑपरेशन हुआ, बल्कि इस बात में है कि कितने लोगों की जिंदगी बेहतर हुई। आंखें अनमोल हैं। इनके इलाज में केवल कीमत देखकर निर्णय नहीं लेना चाहिए। सही समय पर विशेषज्ञ की सलाह लें और अपनी दृष्टि के स्वास्थ्य से कभी समझौता न करें।

इस सर्दी में हर घर में खुशियों की रोशनी बनी रहे, बुजुर्गों की आंखों में फिर से चमक लौटे और हर व्यक्ति को स्पष्ट दृष्टि के साथ आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर मिले। आप सभी को स्वस्थ आंखों, बेहतर दृष्टि और खुशहाल जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं!

डॉ. आदित्य प्रसाद
कंसल्टेंट नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं ऑक्यूलोप्लास्टिक सर्जन
सिद्धि आई सेंटर, बीरगंज, नेपाल
संपर्क नंबर: +977 9804161801