विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
ढाका। बांग्लादेश ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर भारत को स्पष्ट संदेश दिया है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि शेख हसीना को वापस भेजने के मामले में भारत या किसी अन्य देश की शर्तें स्वीकार नहीं की जाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बांग्लादेश एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है तथा अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है।
ढाका सचिवालय में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जाहिद उर रहमान ने यह टिप्पणी उन मीडिया रिपोर्टों के संदर्भ में की, जिनमें दावा किया गया था कि भारत ने शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंपने के लिए दो शर्तें रखी हैं। इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी देश को बांग्लादेश पर अपनी शर्तें थोपने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश अब एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है, जिसकी व्यवस्था मजबूत कानूनी आधार पर टिकी हुई है। ऐसे में वह किसी भी अनुचित शर्त को स्वीकार नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें पूरी तरह खारिज कर देगा। हालांकि, जाहिद उर रहमान ने यह उम्मीद भी जताई कि भारत शेख हसीना की वापसी के मामले में किसी तरह की शर्त नहीं रखेगा। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से ही वह भारत में रह रही हैं। उनकी वापसी और प्रत्यर्पण का मुद्दा दोनों देशों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल इस मामले पर पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि शेख हसीना का प्रत्यर्पण एक कानूनी मामला है और इसे संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत ही निपटाया जाएगा। भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी दिशा में आगे बढ़ाना चाहता है। ऐसे में शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश का ताजा बयान दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर जारी कूटनीतिक चर्चा को महत्वपूर्ण बनाता है।







