लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शनिवार को सीवान जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने श्वान रैंबो की मदद से सघन जांच अभियान चलाया। आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में सउनि विनोद कुमार यादव, कांस्टेबल लालमन राम तथा श्वान रैंबो ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों और ट्रेनों की जांच की।
इस दौरान पार्सल घर, बुकिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय, वाहन स्टैंड और सभी प्लेटफार्मों की जांच की गई। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14005, 15028, 15708, 18182 और 15566 में भी विस्फोटक पदार्थों की तलाश की गई। जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला और सभी स्थान सामान्य पाए गए।
अभियान के दौरान पाली प्रभारी ड्यूटी पर तैनात सउनि राजेंद्र सिंह सहित आरपीएफ के अन्य जवान भी मौजूद रहे। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से इस तरह की जांच जारी रखने की बात कही।






