लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
सीवान/दारौंदा: संस्कार भारती द्वारा समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। संस्था भारतीय मूल्यों पर आधारित आयोजनों के माध्यम से समाज में संस्कृति के प्रति अपनत्व की भावना जागृत करने का कार्य करती रही है।
संस्कार भारती की ओर से राष्ट्रीय गीत प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, रंगोली, मेहंदी, चित्रकला, काव्य यात्रा, कवि सम्मेलन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न कलाओं से जुड़े कलाकारों को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाता है।
इसी कड़ी में रविवार को संस्कार भारती की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में राजस्व कर्मचारी अमरेंद्र कुमार सिंह के पुत्र आशीर्वाद कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सीवान जिला सहित पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाया है।







