लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । दारौंदा थाना क्षेत्र के पिपरा दारौंदा बाजार निवासी प्रभुनाथ साह उर्फ भोला साह के पुत्र विकास कुमार उर्फ टीमल की मंगलवार की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा एनएच-531 पर कमासडा गांव के समीप हुआ। बताया जाता है कि विकास टोटो पर सवारी लेकर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात डंपर ट्रक ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में विकास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार डुमरी गांव निवासी गौतम राम, पिता आनंदी राम, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर दारौंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौतम राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दारौंदा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जाता है कि विकास कुमार की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उनके परिवार में पत्नी सुजा कुमारी और दो वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।







