विदेश डेस्क, नीतीश कुमार |
वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करने को लेकर हुए समझौते के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लागू समुद्री नाकेबंदी हटा दी है। इसकी जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
अमेरिकी सेना ने रोकी नाकेबंदी की कार्रवाई
अमेरिकी सेंट्रल कमान ने कहा कि राष्ट्रपति के निर्देश पर ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में आने-जाने वाले सभी समुद्री जहाजों पर लगी नाकेबंदी हटा ली गई है। कमान के अनुसार, अमेरिकी सेना अब ईरानी बंदरगाहों की ओर आने या वहां से जाने वाले जहाजों को नहीं रोक रही है। नाकेबंदी लागू करने से जुड़ी सभी कार्रवाई भी बंद कर दी गई हैं। हालांकि, समझौते के पालन पर नजर रखने के लिए अमेरिकी नौसैनिक जहाज इलाके में तैनात रहेंगे।
खामेनेई ने समझौते को दी मंजूरी
वहीं, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने कहा कि मतभेद होने के बावजूद उन्होंने अमेरिका के साथ हुए समझौते को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि देश के अधिकारों और हितों की रक्षा की जाएगी। इसके बाद उन्होंने समझौते को आगे बढ़ने की अनुमति दी।
बातचीत का मतलब रुख बदलना नहीं
खामेनेई ने कहा कि, भविष्य में ईरान और अमेरिका के बीच सीधे संवाद की संभावना हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि ईरान अपने विरोधी के रुख को स्वीकार कर रहा है।







