नेशनल डेस्क, वेरॉनिका राय |
देश की पहली और सबसे बड़ी टेनिस-बॉल टी10 क्रिकेट लीग इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) ने अपने तीसरे सीजन से पहले बड़ा ऐलान किया है। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान अब ISPL की नई दिल्ली फ्रेंचाइजी के मालिक बन गए हैं। इस नई टीम को लीग में उस समय शामिल किया गया है, जब ISPL का दूसरा सीजन रिकॉर्ड तोड़ लोकप्रियता हासिल कर चुका है।
सलमान खान ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें लिखा था— ‘स्वागत नहीं करोगी दिल्ली के ओनर का।’ वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में सलमान ने लिखा— ‘ISPL के साथ सड़क से स्टेडियम तक क्रिकेट की जर्नी शुरू करने के लिए एक्साइटेड हूं।’
दिल्ली फ्रेंचाइजी के मालिक बनने पर सलमान खान ने कहा, ‘क्रिकेट हर भारतीय गली की धड़कन है और जब वही एनर्जी स्टेडियम तक पहुंचती है, तो ISPL जैसी लीग जन्म लेती है। मैं हमेशा इस खेल को लेकर जुनूनी रहा हूं और ISPL से जुड़कर मुझे बेहद खुशी हो रही है। यह लीग न सिर्फ ग्राउंड लेवल के क्रिकेट को बढ़ावा देती है, बल्कि टैलेंटेड खिलाड़ियों को एक मजबूत प्लेटफॉर्म भी देती है।’
उन्होंने आगे कहा कि यह तो बस शुरुआत है और सीजन 3 के साथ दर्शकों को उनकी टीम के बारे में और जानने का मौका मिलेगा, जिससे फैंस के साथ एक गहरा कनेक्शन बनेगा।
सलमान खान के ISPL से जुड़ने से न सिर्फ नई दिल्ली टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है, बल्कि पूरी लीग को भी नया जोश और नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही सलमान उन बॉलीवुड और साउथ सिनेमा सितारों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो पहले से ISPL की अलग-अलग टीमों के मालिक हैं।
इस सूची में अमिताभ बच्चन (माझी मुंबई), सैफ अली खान और करीना कपूर खान (टाइगर्स ऑफ कोलकाता), अक्षय कुमार (श्रीनगर के वीर), सूर्या (चेन्नई सिंहम्स), ऋतिक रोशन (बैंगलोर स्ट्राइकर्स) और राम चरण (फाल्कन राइजर्स हैदराबाद) जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
अब सभी की नजरें ISPL सीजन 3 पर टिकी हैं, जहां सलमान खान की दिल्ली टीम मैदान पर कितना दम दिखाती है, यह देखना दिलचस्प होगा।







