लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
वीरगंज। बीरगंज पब्लिक कॉलेज (बीपीसी) ने कक्षा 11 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय स्वागत एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का भव्य समापन किया। वीरगंज स्थित होटल भिस्वा में आयोजित कार्यक्रम में नए विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सशस्त्र प्रहरी बल नम्बर 13 गण के सशस्त्र प्रहरी उपरीक्षक मोहन बस्नेत थे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अन्जय मिश्रा, कॉलेज के पूर्व छात्र एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) मौजेलाल साहनी, शैक्षणिक निर्देशक डॉ. विनय ठाकुर, प्राचार्य डॉ. बासु कर्ण, सहायक कैंपस प्रमुख डॉ. अर्बिन्द श्रेष्ठ तथा कॉलेज के ब्रांड एम्बेसडर देवेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि मोहन बस्नेत ने अपने संबोधन में कहा कि कक्षा 11 विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण नींव है, इसलिए शुरुआत से ही स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीपीसी विद्यार्थियों को केवल परीक्षा केंद्रित शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला वातावरण भी प्रदान कर रहा है।
कॉलेज के कार्यकारी निर्देशक युगल किशोर प्रसाद शाह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बीपीसी विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से भी सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास ही कॉलेज का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही नवप्रवेशित विद्यार्थियों का बीपीसी परिवार में औपचारिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सहभागी विद्यार्थियों ने इसे प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक और उत्साहवर्धक बताया।







