लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/महाराजगंज जगदीसपुर स्थित सामूहिक सेवा केंद्र संकट मोचन द्वार पर श्री महावीरी पूजा समिति, जगदीसपुर के तत्वावधान में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक धरोहर और भारतीय संस्कृति की पहचान है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना और शारीरिक दक्षता का विकास होता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल एवं समस्त ग्रामीणों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
विधायक हेमनारायण साह ने कहा दंगल प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। बड़ी संख्या में लोग मेला परिसर में पहुंचे और पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों का आनंद लिया। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।






