लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सिवान/महराजगंज। थाना क्षेत्र के धोबवलिया स्थित सुजीत साइबर कैफे में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कंप्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं सामान जलकर राख हो गया। इससे हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह दुकान के संचालक एवं जिगरावा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अरुण प्रसाद जब अपनी दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान आग से जल चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगाई है।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।







