लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
वीरगंज: वीरगंज महानगरपालिका-13 स्थित साउथजोन माध्यमिक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2083 के लिए चयनित नए छात्र नेतृत्व का शपथ ग्रहण एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को भव्य रूप से सम्पन्न हुआ।
विद्यालय के प्रिंसिपल सरोज प्रसाद चौधरी की अध्यक्षता तथा वीरगंज महानगरपालिका के शैक्षिक प्रशासन महाशाखा प्रमुख आनन्द लामिछाने के प्रमुख आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में हेड गर्ल, हेड बॉय, हाउस कैप्टन, खेल संयोजक, अनुशासन प्रमुख सहित विभिन्न छात्र प्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख अतिथि आनन्द लामिछाने ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र नेतृत्व को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “सिर्फ जिम्मेदारी प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सफलतापूर्वक निभाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। पद बड़ा या छोटा नहीं होता, महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को किस प्रकार निभाता है।”
कार्यक्रम में प्याब्सन केन्द्रीय सदस्य छेदुप लामा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशीला शाह, उपाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव, वार्ड नं. 13 के अध्यक्ष हिरा गिरी, मधेश प्रदेश सलाहकार इमामुद्दीन अहमद, वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश उपाध्याय, प्याब्सन महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, सचिव अमित आलोक, इनोभेटिभ सोसाइटी पर्सा के अध्यक्ष कमल चौगाई, एलाइड यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष ओमकुमार झा, मानव आश्रम सेवा के केन्द्रीय सदस्य देवेश मानव, क्रियाशील पत्रकार मंच के अध्यक्ष आनन्द पटेल तथा समाजवादी प्रेस संगठन के मनोज पटेल सहित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
अतिथियों ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने की भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारीबोध और नेतृत्व कौशल का विकास करते हैं।
इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र नेतृत्व, हाउस कैप्टनों, खेल संयोजकों, अनुशासन प्रमुखों तथा शैक्षिक, खेलकूद एवं अन्य अतिरिक्त गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाणपत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि छात्र नेतृत्व के चयन हेतु इस वर्ष आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए ऑनलाइन मतदान प्रणाली अपनाई गई थी। निर्वाचन के माध्यम से चयनित छात्र प्रतिनिधियों ने इसी दिन से अपनी जिम्मेदारियां औपचारिक रूप से संभाल लीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल सरोज प्रसाद चौधरी ने बताया कि विद्यालय प्रत्येक वर्ष शैक्षिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करता है। उन्होंने कहा कि नर्सरी से कक्षा 10 तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए जाते हैं। साथ ही दिव्यांग, दलित, शहीद परिवार, अल्पसंख्यक, आदिवासी एवं मधेसी समुदाय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम में शिक्षिका प्रमिला श्रेष्ठ ने स्वागत वक्तव्य दिया, जबकि सहायक प्रिंसिपल अशोक संग्रौला ने कार्यक्रम का संचालन किया।
विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों में नेतृत्व विकास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।







