सासाराम-पटना NH पर 2 महीने में शुरू होगा काम, सम्राट चौधरी बोले- बिहार में तैयार होंगे 10 एयरपोर्ट
स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास दौरे के दौरान जिले को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जमुहार में युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। इसके बाद सासाराम में बेदा बस स्टैंड से मोकर तक बने 9.2 किलोमीटर लंबे बाईपास का लोकार्पण किया। करीब 122.39 करोड़ रुपये की लागत से बने इस बाईपास में कई पुल, पुलिया और आरओबी का निर्माण कराया गया है।
सासाराम-पटना NH पर दो महीने में काम
युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सासाराम-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो महीने के भीतर काम शुरू होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2029 से पहले बिहार में 10 एयरपोर्ट तैयार किए जाएंगे, जिससे राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
26 साल पुरानी इंद्रपुरी जलाशय परियोजना पर बड़ा दावा
सम्राट चौधरी ने इंद्रपुरी जलाशय परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि करीब 26 वर्षों से लंबित यह परियोजना अब साकार होगी। सरकार का लक्ष्य सिंचाई का दायरा बढ़ाना और सोन नदी के पानी का बेहतर उपयोग करना है। उन्होंने बाढ़ और सुखाड़ की समस्या से निपटने के लिए जल प्रबंधन और सिंचाई योजनाओं पर भी जोर दिया।
2030 तक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने युवा संवाद में कहा कि सरकार ऐसा बिहार बनाने की दिशा में काम कर रही है जहां युवाओं को रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने 2030 तक बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य बताया। साथ ही उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने और अपनी जन्मभूमि में उद्योग लगाने की अपील की।
177 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
रोहतास दौरे में कुल 177 योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम रखे गए, जिनमें 125 योजनाओं का उद्घाटन और 52 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनमें सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
स्कूल में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय करूप में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला और सहयोग शिविर का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
युवाओं की ताकत से विकसित बिहार का संदेश
युवा संवाद के दौरान सम्राट चौधरी ने युवाओं से अपनी कमजोरियों को ताकत में बदलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार के आर्थिक विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि सड़क, रोजगार, सिंचाई, शिक्षा और कनेक्टिविटी पर सरकार का फोकस है।






