स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
बिहार, सिवान। सिवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित चंवर में खाड़ी के पास ददवा पुल के नीचे पानी से शनिवार, 13 दिसंबर को दोपहर में पुलिस ने चोकर के बोरे में बंद दो शव बरामद किए। दोनों युवकों की गला रेतकर बेहद निर्ममता से हत्या की गई थी। मृतकों की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि देर शाम तक उनकी पहचान नहीं हो सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पहचान की कोशिशें शुरू हुईं, लेकिन शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस बीच क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल सुनसान इलाके में स्थित है, जहां लोगों की आवाजाही कम रहती है।
बताया गया कि शनिवार दोपहर जब ग्रामीण खेतों में काम करने पहुंचे, तो उन्होंने पुल के नीचे दो बोरे में बंद शव देखे। इसके बाद गांव और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिहिर कुमार और अवर निरीक्षक आशुतोष रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।







