लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान। सदर प्रखंड के स्थानीय बाजार क्षेत्रों में बाल श्रम के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत दो बच्चों को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मुरारी सिंह के नेतृत्व में गठित धावा दल द्वारा महादेवा रोड, हाकाम और सिवान के विभिन्न प्रतिष्ठानों में की गई।
इस संबंध में बताया गया कि जिला बाल संरक्षण इकाई, सिवान के सहायक निदेशक एवं श्रम अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने बाल श्रम से जुड़े बच्चों की पहचान कर उन्हें विमुक्त करने के लिए छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
मुक्त कराए गए बच्चों को स्थानीय थाना और स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्था के सहयोग से बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में सीएसए इंचार्ज स्वीटी सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्याम कुमार (ज़िरादेई), रघुवीर प्रसाद (गोरेयाकोठी), प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर भोला श्रीवास्तव तथा महादेवा ओपी थाना की पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशासन ने बाल श्रम के विरुद्ध अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही है और आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह के मामलों की सूचना प्रशासन को दें।







