सिवान में ‘सितारा वीक’ के तहत बैठक आयोजित, ट्रांसजेंडर समुदाय को योजनाओं की दी गई जानकारी
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान: जिला बाल संरक्षण इकाई में बुधवार को ‘सितारा वीक’ के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता इकाई के सहायक निदेशक राजकुमार सिंह ने की। इस दौरान ट्रांसजेंडर समाज के विभिन्न सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित सदस्यों को इन योजनाओं से मिलने वाली सुविधाओं एवं लाभ के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाना है।
सहायक निदेशक राजकुमार सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष 20 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का नियोजनालय कार्यालय में पंजीकरण कराया गया है, ताकि उन्हें विभिन्न ट्रेड के तहत प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
कार्यक्रम में स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान की प्रतिनिधि स्वीटी सिंह, कृष्ण फाउंडेशन के सचिव भोला श्रीवास्तव, नरगिस और सुमी सहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







