लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा अंचल कार्यालय दारौंदा में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कुल 17 फरियादी पहुंचे। अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह तथा अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला की मौजूदगी में सभी मामलों की सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान प्राप्त 17 मामलों में से 11 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। वहीं दो मामलों में आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों की जांच के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए मामलों को लंबित रखा गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातें सुनकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित निपटारा कर लोगों को न्याय दिलाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों और लंबी प्रक्रियाओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर डीईओ ब्रजेश राज सहित संबंधित फरियादी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।







