लोकल डेस्क, आर्या कुमारी ।
सीवान : सीवान जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिले के वीएमएच उच्च विद्यालय परिसर में मकर संक्रांति महोत्सव 2026 धूमधाम से मनाया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन, सीवान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में मुख्य कलाकार के रूप में प्रसिद्ध भजन गायक मनन गिरि मधुकर ने अपनी सुरीली भजनों की प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। आयोजकों के अनुसार महोत्सव में करीब 10 से 15 हजार लोगों की उपस्थिति रही।
महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर दो से तीन थानों की पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पहुंचे कलाकारों, विशिष्ट अतिथियों एवं पत्रकारों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया गया। मकर संक्रांति महोत्सव ने जिले में सांस्कृतिक समरसता और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने का कार्य किया।







