लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान जिले के एक निजी होटल में शनिवार को उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार के सम्मान में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, जिले के नए उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर दारौंदा की प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार को बुके भेंट कर भावभीनी विदाई दी। समारोह का माहौल आत्मीय रहा और उपस्थित अधिकारियों ने नए उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई।






